नई दिल्ली. नेताओं में जुबानी जंग बंद होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को भी इन नेताओं के बीच जमकर जुबानी तीर चले। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मोदी को देख कसाई भी शर्माता है। लालू ने मोदी का नाम लिए बिना ट्वीट किया, ‘मैं धरतीपुत्र हूं। मैंने मां का भी दूध पिया है, गाय और भैंस का भी। वो हमसे क्या लड़ेंगे जिन्हें देखकर कसाई भी शर्माता हो।’
वहीं दूसरी ओर नरेंद्र मोदी और अब्दुल्ला परिवार के बीच जुबानी जंग बढ़ती जा रही है। सोमवार को मोदी ने फारूक अब्दुल्ला को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कश्मीर के पापियों को धर्मनिरपेक्षता की बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि अब्दुल्ला परिवार ने कश्मीर को बर्बाद कर दिया। मोदी के इस बयान पर फारूक के बेटे उमर अब्दुल्ला ने मोदी पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी से धर्मनिरपेक्षता पर लेक्चर की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि रविवार को फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि मोदी को वोट देने वालों को समंदर में डूब जाना चाहिए।
सोमवार को दूसरी पार्टियों के नेताओं ने भी एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी की। नरेंद्र मोदी को गुजरात का कसाई कहने के बाद तृणमूल ने फिर मोदी पर हमला किया। इस बार पार्टी ने ममता बनर्जी के खिलाफ मोदी के एक बयान पर माफी की मांग कर डाली। इन सबके बीच जहां सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा का मामला फिर उठा वहीं राहुल ने पंजाब सरकार और बादल परिवार पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि राज्य में सिर्फ एक ही परिवार को फायदा हुआ है।




















