विदिशा. मंडी में किसानों को शरबती किस्त वाले गेहूं के अच्छे दाम मिल रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर शरबती ऊंचे में 3067 रुपए क्विंटल तक बिक चुका है। करीब एक सप्ताह के अवकाश के बाद बीते शनिवार को जब कृषि उपज मंडी खुली थी तो अनाज से भरी ट्रालियों के कारण मंडी परिसर गुलजार हो गया था।
करीब 13 हजार क्विंटल गेहूं मंडी में नीलामी के लिए आया था। ऊंचे में शरबती 2930 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिका था। अनाज तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष विनोद जैन ने बताया कि इस समय शरबती गेहूं ऊंचे में 2400 से 3067 रुपए, मीडियम में 2100 से 2500 रुपए और नीचे में 1700 से 2000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिक रहा है।
मिल क्वालिटी में 1450 से लेकर 1500 रुपए प्रति क्विंटल तक के भाव में गेहूं की खरीदी चल रही है। इसी प्रकार लोकवन गेहूं के भाव भी 1500 से लेकर 1650 रुपए तक चल रहे हैं।
श्री जैन ने बताया कि किसानों को उपज के अच्छे दाम मिल रहे हैं। वैसे देखा जाए तो अमूमन मंडी में ज्यादातर क्वालिटी वाला गेहूं आ रहा है। बिलो फेयर एवरेज क्वालिटी का गेहूं भी कुछ मात्रा में आ रहा है। उसके दाम किसानों को कम मिल रहे हैं।




















