नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने 2जी घोटाले में 19 लोगों के खिलाफ दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में 9 कंपनियों के भी नाम हैं। जिन प्रमुख लोगों ने नाम इस चार्जशीट में हैं उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा, डीएमके प्रमुख करुणानिधि की बेटी कनीमोझी और उनकी पत्नी दयालु अम्मल शामिल हैं।
अदालत ने 30 अप्रैल को अगली सुनवाई की तारीख मुकर्रर की है। इस चार्जशीट में ए राजा, शाहिद बलवा, विनोद गोयनका, राजीव अग्रवाल, करीम मोरानी, शरद कुमार, दयालु अम्मल, कनीमोझी और बी अमृतम का नाम है। इसके अलावा चार्जशीट में 9 कंपनियों के भी नाम हैं। ये कंपनियां हैं स्वान टेलीकॉम, कुशेगांव रियल्टी, सिनेयुग मीडिया, कलैगनर टीवी, डायनमिक्स रियलिटी, एवरस्माइल कंस्ट्रक्शन आदि।
इन सभी 19 लोगों पर सेक्शन 3 प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें दोषी पाए जाने पर सजा 7 साल से लेकर उम्रकैद तक की है। ईडी के मुताबिक 200 करोड़ रुपये स्वान टेलीकॉम ने नाजायज तरीके से आरोपी कंपनियों में ट्रांसफर किए थे। इन्हीं पैसे के लेनदेन में 19 आरोपियों और 10 कंपनियों की भूमिका थी।



















