नई दिल्ली: वाराणसी में बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के नामांकन दाखिल करने से पहले मेगा रोड शो पर कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस के प्रवक्ता मीम अफजल ने इस प्रायोजित इवेंट रोड शो में अस्सी लाख से अधिक खर्च कर भाड़े पर एक लाख लोगों को बाहर से बुलाए जाने का आरोप लगाया है।
मीम अफजल ने कहा कि मोदी के मेगा रोड शो में 75 फीसदी लोग बाहर से बुलाए गए। उन्होंने कहा कि एक लाख लोगों को बाहर से बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि मोदी के रोड शो में एक लाख लोगों ने एक जैसी टी शर्ट पहनी थी। उन्होंने कहा कि एक लाख टी शर्ट का और पूरा प्रयोजन का अस्सी लाख से अधिक खर्चा नरेंद्र मोदी के खाते में ही जोड़ा जाना चाहिए। कांग्रेस ने मोदी के रोड शो पर सवाल उठाते हुए इसके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
गौर हो कि भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वाराणसी संसदीय सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। मोदी बनारस के अलावा गुजरात की वडोदरा संसदीय सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले यूपी के वाराणसी में पर्चा दाखिल करने से पहले मोदी ने गुरुवार को रोड शो शुरू किया। इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। रोड में उनके साथ और उनके साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी अमित शाह, सह प्रभारी सुनील बंसल, रामेश्वर चौरसिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है और मोदी समेत विभिन्न पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग
कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के वाराणसी से नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व आयोजित रोड शो को आज न्यूज चैनलों पर मतदान वाले 117 लोकसभा क्षेत्रों में दिखाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है और मोदी समेत विभिन्न पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस के प्रवक्ता एवं केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने यहां पार्टी की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि कानून के तहत मतदान वाले दिन संबंधित चुनाव क्षेत्रों में किसी भी दल का प्रचार नहीं हो सकता। वहां कोई प्रचार वाला बयान नहीं दिया जा सकता था तथा चुनाव चिन्ह का प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश भर में 117 चुनाव क्षेत्रों में मतदान हो रहा था लेकिन मोदी का वाराणसी के रोड शो का इन सभी क्षेत्रों में चैनलों पर सीधा प्रसारण किया गया।
दूसरी ओर बीजेपी ने कांग्रेस की इस शिकायत को बचकाना करार दिया है। पार्टी का कहना है कि निर्वाचन आयोग ने खुद 24 अप्रैल को 117 सीटों पर वोटिंग और वाराणसी सीट पर नामांकन का आखिरी दिन घोषित किया था तो क्या कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करवाएगी।





















