नई दिल्ली. बीजेपी नेता उमा भारती ने मोदी को विनाश पुरुष वाला उनका तीन साल पुराना विडियो जारी करने पर कांग्रेस पर पलटवार किया है। उमा भारती ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सीधे निशाने पर लेते हुए कांग्रेस को इस तरह की हरकतों से बाज आने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर वह इस तरह के काम पर उतर आईं तो भागने के लिए जगह नहीं मिलेगी और आपको ताले लगाकर अपने घरों में बैठना पड़ेगा।
कांग्रेस ने एक तीन साल पुरानी वीडियो क्लिप जारी की है, जिसमें बीजेपी की फायरब्रांड नेता उमा भारती ने पार्टी के पीएम उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को कथित रूप से विनाश का एजेंट बताया था और उनके गुजरात विकास के दावे को ‘पाखंड’ कहा था. उमा उस समय भाजपा से अलग हो गई थीं और भारतीय जनशक्ति पार्टी की अध्यक्ष थीं. ऑडियो वीडियो प्रस्तुतिकरण में उमा ने कहा है कि उन्होंने हिन्दुओं को उतना भयभीत कभी नहीं देखा, जितना गुजरात में देखा है. गुजरात अब भयाक्रांत राज्य बन गया है.
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी का कहना है कि यह वीडियो सीडी उस समय की है, जब उमा भाजपा में नहीं थी. इसमें उमा गुजरात के मुख्यमंत्री के विकास और हिन्दुत्व के दावे को खारिज करती नजर आ रही हैं. ‘मैं उन्हें 1973 से जानती हूं.. वह विकास पुरुष नहीं बल्कि विनाश पुरुष हैं. जीडीपी विकास और बीपीएल के लोगों को एपीएल तक उन्नत बनाने का उनका दावा झूठा है.. पिछले पांच साल में गुजरात बड़ा कर्जदार बना है. गुजरात को न तो राम मिले और न ही रोटी. इसे विनाश पुरुष से मुक्त कराना चाहिए.’
उमा ने वीडियो में कहा, ‘..ये मीडिया है, जिसने मोदी को इतना बड़ा बनाया.’ वीडियो क्लिप के बारे में सिंघवी ने कहा कि उमा ने ये बातें चुनाव के वक्त नहीं कही हैं. यदि कोई चुनाव के दिनों में इस तरह टिप्पणी नहीं करता तो इसका मतलब है कि उसमें अधिक सच्चाई है. उन्होंने जो कुछ भी कहा था, उससे इनकार नहीं किया है.भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में ये टिप्पणियां उमा भारती जैसी वरिष्ठ नेता ने की हैं.
बीजेपी ने इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस को चेतावनी दी कि उसके पास भी ऐसे कई कांग्रेसी नेताओं के विडियो हैं, जब उन्होंने कांग्रेस छोड़ने पर अपने पार्टी नेताओं के बारे में बहुत कुछ कहा था। बीजेपी ने कहा कि शीशे के मकान में रहने वाली कांग्रेस को दूसरों के घर पर पत्थर नहीं उछालने चाहिए।
कांग्रेस ने उस समय का विडियो जारी किया है जब उमा बीजेपी से अलग हो गई थीं और भारतीय जनशक्ति पार्टी की अध्यक्ष थीं।तब उमा ने कहा था कि उन्होंने गुजरात में हिन्दुओं को पहले कभी इतना भयभीत नहीं देखा है और यह भी कि गुजरात भयाक्रांत राज्य बन गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने माना है कि ये विडियो सीडी उस समय की है, जब उमा बीजेपी में नहीं थीं। इसमें उमा गुजरात के मुख्यमंत्री के विकास और हिन्दुत्व के दावे को खारिज करती नजर आ रही हैं।
उधर, बीजेपी प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कहा, यह हताशा भरे लम्हों के हताशा भरे कदम हैं। कांग्रेस की हताशा खुलकर सामने आ गई है। देश में किसी को इस वक्त इस बात की क्या चिंता हो सकती है कि किसी ने 2-3 साल पहले क्या कहा और वह भी तब जबकि वह व्यक्ति उस समय बीजेपी में नहीं थीं और अब उसमें फिर से लौट आई हैं।
बीजेपी के अन्य प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि बीजेपी के पास कांग्रेसी नेताओं और प्रवक्ताओं के ऐसे सैकड़ों विडियो हैं।





















