चेन्नई.केन्द्रीय वित्तमंत्री पी़ चिदंबरम ने प्रधानमंत्री पद के भाजपा उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर गुरुवार को पलट वार करते हुए उन्हें झूठ बोलने का आदी और मुठभेड़ मुख्यमंत्री बताया।
पत्रकारों ने जब मोदी की तरफ से चिदंबरम को बार-बार पुनर्मतगणना मंत्री कहे जाने पर वित्तमंत्री की प्रतिक्रिया जाननी चाही तो चिदंबरम ने जवाब दिया कि मोदी झूठ बोलने के आदी हैं। शिवगंगा में कोई पुन: मतगणना नहीं हुई। वह जानते हैं। फिर भी वह झूठ बोलते हैं।
वित्तमंत्री ने कहा कि अगर वह मुझे पुनर्मतगणना मंत्री कहने पर जोर देते हैं तो मैं भी उन्हें मुठभेड़ मुख्यमंत्री कह सकता हूं। उन्होंने वस्तुत: यह बात मोदी के शासनकाल में गुजरात में होने वाली कथित फर्जी मुठभेड़ों के संदर्भ में कही।
चिदंबरम ने तमिलनाडु के शिवगंगा चुनाव क्षेत्र से 2009 का लोकसभा चुनाव तकरीबन 3500 मतों से जीता था और मतगणना प्रक्रिया पर विवाद हुआ था। मोदी अपनी चुनावी रैलियों में चिदंबरम को पुनर्मतगणना मंत्री कहते रहे हैं।





















