नई दिल्ली।टिकट काटे जाने के बाद वरिष्ठ बीजेपी नेता जसवंत सिंह सक्रिय हो गए हैं कहा नकली के कब्जे में बीजेपी, असली विचारधारा तपस्या दरकिनार कर दी गयी बाहरी लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। आज दिल्ली से वो जोधपुर के लिए रवाना हुए। माना रहा है कि जसवंत सिंह आज जोधपुर में ही रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक जसवंत सिंह आज जोधपुर में राजपूत नेताओं और समर्थकों से मिलेंगे। कल सुबह उनका बाड़मेर का कार्यक्रम तय है। जोधपुर से जैसलमेर के रास्ते वो बाड़मेर के लिए निकलेंगे और इस दौरान रोड शो भी निकालेंगे।
जसवंत के नजदीकी सूत्रों का दावा है कि 24 मार्च को बाड़मेर में एक जनसभा के बाद वो निर्दलीय उम्मीदवार की हैसियत से नामांकन भरेंगे। कहा जा रहा है कि बाड़मेर की रैली में ही जसवंत बीजेपी से अलग होने का ऐलान कर सकते हैं। हर जेहन में एक ही सवाल है- क्या बगावत की राह पर बढ़ रहे हैं जसवंत। जोधपुर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर ही जसवंत सिंह ने मीडिया से बात की।
इस मौके पर जसवंत ने कहा कि बीजेपी दो हिस्सों में बंट चुकी है। एक असली बीजेपी है तो दूसरी नकली असली बीजेपी पर बाहरी लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। निर्दलीय चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर जसवंत ने इससे इनकार नहीं किया और कहा कि बातों का मतबल आप समझ ही सकते हैं।
वहीं बाड़मेर से जसवंत सिंह को टिकट न देने पर बीजेपी ने अलग ही दलील दी है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जयपुर में एक रैली में कहा कि पार्टी में नेता बहुत हैं मगर कार्यकर्ताओं को टिकट दिया गया। जसवंत सिंह को टिकट न दिए जाने की ओर इशारा करते हुए वसुंधरा ने कहा कि कभी कभी कड़वी दवाई भी पीनी पड़ती है। उधर बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह के मुताबिक पार्टी जसवंत सिंह की प्रतिभा का पूरा इस्तेमाल करेगी।
बीजेपी के संस्थापकों में शामिल जसवन्तसिंह ने कहा कि बीजेपी के दर्शन को अपनाने वालों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वे जाने कि कौन अतिक्रमण कर रहा है और उनका क्या फायदा है? पूर्व केंद्रीय मंत्री को वरिष्ठ पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी का करीबी माना जाता है और ऐसी अटकलें हैं कि नरेंद्र मोदी ने बाड़मेर टिकट के मुद्दे पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के रुख का समर्थन किया था.
अब वैकल्पिक प्रस्ताव मंजूर नहीं
कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए कर्नल सोनाराम चौधरी को बाड़मेर से टिकट दिए जाने के एक दिन बाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी मेरे साथ दो बार ऐसा कर चुकी है और अब वैकल्पिक प्रस्ताव स्वीकार करने की कोई संभावना नहीं है. सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा लेकिन किसी का नाम नहीं लिया. उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने उपयुक्त तरीके से सिंह की सेवाएं लेने की बात कही है.
पार्टी विरोधियों का जमावड़ा
जसवंत ने कहा कि दुर्भाग्य से विचाराधारा वाली पार्टी का अतिक्रमण ऐसे लोग कर रहे हैं जो पार्टी की विचारधारा के विरोधी रहे थे. उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजेपी को इन तत्वों (बाहरी) ने पूरी तरह से नियंत्रण में ले लिया है, जिन्हें पार्टी की विचारधारा के प्रति कोई सम्मान नहीं है.
आज पहुंचेंगे बाड़मेर
सिंह कल बाड़मेर पहुंचेंगे. हालांकि उन्होंने अपनी योजनाओं के बारे में कुछ भी बताने से इंकार किया. उन्होंने कहा कि बाड़मेर पहुंचने के बाद ही सभी बातों पर निर्णय करूंगा और अपने समर्थकों के साथ चर्चा करूंगा. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेपी अब दो गुटों में बंट गई है, एक जो वास्तविक है और दूसरी जो नकली है और दुर्भाग्य से नकली के हाथों में अब पार्टी है.




















