हापोली (अरूणाचल प्रदेश),अरूणाचल प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती से मुग्ध कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह अवकाशग्रहण करने के बाद यहीं रहना चाहेंगे। राहुल ने निचली सुबानसिरी जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने अवकाशग्रहण के बाद हापोली में रहना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने इतना खूबसूरत स्थान देश में कहीं नहीं देखा है और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाने के लिए कुछ दिन यहां बिताने का इच्छुक हूं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पंचायतों को अधिकार के विकेंद्रीकरण के बाद ही वास्तविक विकास संभव है और पार्टी शासित अरूणाचल प्रदेश ने इस संबंध में उदाहरण पेश किया है।उन्होंने कहा कि पिछले दशक में प्रदेश की साक्षरता दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और राज्य सरकार ने युवाओं तथा महिलाओं को अधिकारसंपन्न बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की है। उन्होंने दक्षता विकास परिषद, रोजगार सृजन परिषद और मुख्यमंत्री आजीविका मिशन स्कूलों का भी जिक्र किया।





















