लन्दन.अपने खुलासों से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में खलबली मचा चुकी अमेरिकी वेबसाइट विकीलीक्स ने यह साफ कर दिया है कि उसके केबल्स में किसी अमेरिकी डिप्लोमेट ने कभी भी बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को ‘ईमानदार’ नहीं बताया है। विकीलीक्स ने ट्वीट कर लिखा, ‘पोस्टर में कही गई बातें फर्जी हैं।’
दरअसल बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार मोदी के समर्थक विकीलीक्स संस्थापक जूलियन असांज के हस्ताक्षर वाला एक ऐसा पोस्टर बांट रहे हैं जिसमें कहा गया है, ‘अमेरिका नरेंद्र मोदी से डरता है क्योंकि अमेरिका जानता है कि मोदी भ्रष्ट नहीं हैं।’ लेकिन विकिलीक्स बीजेपी के इस दावे को खारिज कर रहा है।
विकीलीक्स ने यह भी साफ किया कि उसके संस्थापक जूलियन असांज ने कभी भी मोदी के बारे में कुछ नहीं कहा और इस बारे में मोदी समर्थकों और बीजेपी ने झूठा प्रचार किया है। गौरतलब हो कि वर्ष 2006 में मुंबई के अमेरिकी काउंसलर जनरल माइकल एस ओवेन ने 2006 में ये केबल भेजे थे। विकीलीक्स ने खुलासा किया कि ओवेन के मुताबिक मोदी के बारे में यह बात राजकोट के कांग्रेस नेता मनोहर सिंह जडेजा ने कही थी।






















