नई दिल्ली। अमेरिका में भारत की राजनयिक रहीं देवयानी खोबरागडे के मुद्दे को अत्यंत दुखदायी बताते हुए विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है के यह मामला अब बंद होना चाहिए। उनका कहना है कि अमेरिका को इस मुद्दे का राजनीतिक हल निकालना चाहिए।
खुर्शीद ने जोर देकर कहा कि इसे लेकर व्यावहारिक चिंताएं भी हैं और इस प्रकार की घटनाओं को लेकर भारत बेखबर नहीं रह सकता है। उनके मुताबिक कोर्ट ने देवयानी के खिलाफ पहले अभियोग को अस्वीकर कर अमेरिकी प्रशासन को इसे पीछे रखने का मौका दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि अमेरिकी प्रशासन ऐसा क्यों नहीं कर रहा है।
मंत्री ने कहा, ‘सबसे खराब समय में भी मैंने बार-बार कहा कि यह घटना बहुत दुखद है और इसे आगे नहीं ले जाया जाना चाहिए। इससे भारत और अमेरिका के संबंध भी प्रभावित नहीं होने चाहिए।’ खुर्शीद अमेरिकी अभियोजकों द्वारा वीजा धोखाधड़ी के मामले में देवयानी के खिलाफ फिर से अभियोग लगाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। पहले के अभियोग को एक अमेरिकी अदालत द्वारा खारिज कर दिए जाने के एक दिन बाद शनिवार को देवयानी के खिलाफ फिर से अभियोग लगाया गया है।





















