पटना. जनता दल यूनाइटेड ने लोकसभा चुनाव के लिए बिहार से अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट रविवार को जारी कर दी। लिस्ट के मुताबिक, जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव को जहां मधेपुरा से टिकट दिया गया है वहीं फिल्म निर्माता प्रकाश झा को पश्चिमी चंपारण से मैदान में उतारा गया है। हालांकि, झा के नाम पर पहले से ही सहमति थी, लेकिन रविवार को इस पर औपचारिक तौर पर मुहर लगा दी गई। पार्टी ने रामसुंदर दास को हाजीपुर से टिकट दिया है। दूसरी लिस्ट में कुल 32 उम्मीदवारों के नाम जारी किए गए हैं। इससे पहले शनिवार को पार्टी ने बिहार की छह सीटों से अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी।
पप्पू यादव बनाम शरद यादव का मुकाबला
जेडीयू की लिस्ट देखने से पता चलता है कि ‘बाहरी’ लोगों को तरजीह दी गई है। दर्जनभर से ज्यादा उम्मीदवार ‘बाहरी’ हैं। आरजेडी तोड़ने वाले विधायक सम्राट चौधरी का सपना टूट गया है, लेकिन आरजेडी से अलग होने वाले दूसरे विधायक अख्तरुल ईमान को टिकट दिया गया है। जाने-माने उद्योगपति और रीयल एस्टेट कंपनी आम्रपाली ग्रुप के मालिक अनिल कुमार शर्मा को भी टिकट दिया गया है। लिस्ट से साफ है कि शरद यादव जहां आरजेडी के पप्पू यादव से मुकाबला करेंगे वहीं रामसुंदर दास लोक जनशक्ति पार्टी के मुखिया रामविलास पासवान के खिलाफ मैदान में होंगे।




















