नई दिल्ली.हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में आए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का कहना है कि हम कभी भी विपक्ष की ताकत को कम करके नहीं आंकते। उन्होंने कहा, ‘राजनीतिक पार्टी होने के नाते हम शासन को अस्थिर करने की विपक्ष की शक्ति को कम करके नहीं आंकते। मनमोहन ने कहा कि वह अपने सभी विरोधियों को गंभीरता से लेते हैं और उसमें लापरवाही की कोई भी गुंजाइश नहीं रहती।
प्रधानमंत्री से जब पूछा गया कि उनके कैबिनेट में मोदी को लेकर दो तरह की राय है- कुछ कहते हैं कि मोदी की तरफ से पेश की गई चुनौती को गंभीरता से लेना चाहिए तो कुछ मोदी को पूरी तरह खारिज कर देते हैं, इस पर उन्होंने कहा, ‘मैं उन लोगों में से हूं, जो अपने प्रत्येक विरोधियों को बहुत गंभीरता से लेते हैं,ढिलाई के लिए तो कोई गुंजाइश ही नहीं है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा, ‘विधानसभा चुनाव के नतीजे चाहे जो भी हों, उनसे भ्रमित नहीं होना चाहिए।’






















