सिएटल. अमेजॉन कंपनी ने इसे ‘अमेजॉन प्राइम एयर’ नाम दिया है अपनी वेबसाइट से ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों को हमेशा कुछ नया अनुभव देने की कोशिशों में लगी रहती है। इसी क्रम में कंपनी अपने ग्राहकों को 30 मिनट में ड्रोन के जरिए ऑर्डर पहुंचाने की परियोजना पर काम कर रही है। हवा में उड़कर पांच पाउंड तक वजन वाले ऑर्डर पहुंचाने में सक्षम इस मशीन को ‘ऑक्टोकॉप्टर्स’ नाम दिया गया है। कंपनी के सीईओ जेफ बीजोस ने दावा किया है कि यह विज्ञान आधारित कल्पना मात्र नहीं है बल्कि सिएटल की लैब में विशेषज्ञ इसे हकीकत का जामा पहनाने में लगे हुए हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के मुताबिक यह ऑक्टोकॉप्टर ड्रोन वेयरहाउस से सामान ग्राहक के दरवाजे पर पहुंचाएंगे। आने और जाने का रास्ता तय करने के लिए यह मशीन जीपीएस तकनीक का इस्तेमाल करेगी। यह मशीन फुलफिलमेंट (डिलीवरी) सेंटर से 10 मील की परिधि में ऑर्डर पहुंचाने में सक्षम होगी।
अभी यह परियोजना अभी शोध एवं विकास के दौर में है। कंपनी का दावा है कि सामान पहुंचाने की मौजूदा प्रक्रिया के मुकाबले यह तरीका पर्यावरण के लिहाज से बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जेफ की मानें तो कंपनी को ड्रोन के जरिए ऑर्डर पहुंचाने में अभी तकरीबन चार से पांच साल का समय और लगेगा।





















