लंदन. अमेरिका की कंपनी एक ऐसा पानी का जहाज बना रही है, जो कि दुनिया के आठवें अजूबे से कम नहीं होगा। हाल में इस अद्भुत जहाज की 'कम्प्यूटर जेनरेटेड' तस्वीरें जारी की गईं हैं। इन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फ्लोरिडा की कंपनी फ्रीडम शिप इंटरनेशनल का यह सपना जब साकार होगा तो लोगों की आंखें खुली रह जाएंगी। इस जहाज का नाम फ्रीडम शिप रखा गया है। यह जहाज 1 मील लंबा और 25 माले का होगा। इसमें स्कूल, पार्क, अस्पताल, रन-वे, मॉल, कसीनो के साथ हर वह सुविधा होगी, जो कि न्यूयॉर्क, लंदन, सिडनी, टोक्यो और बीजिंग जैसे वर्ल्ड क्लास शहरों में मिलती है।
फ्रीडम शिप इंटरनेशनल के डायरेक्टर रोजर एम गूच का दावा है कि फ्रीडम शिप अब तक का सबसे बड़ा पानी का जहाज और समुद्र में तैरता पहला शहर होगा। हालांकि, यह सपना बेहद महंगा होगा, लेकिन हम इसके लिए पैसा जुटाने की तैयारी कर रहे हैं। रोजर ने बताया कि फ्रीडम शिप को बनाने में 6 अरब डॉलर से ज्यादा का खर्चा आएगा। रोजर ने कहा- यह बेहद महंगा प्रोजेक्ट है .




















