जयपुर। राजस्थान में विधानसभा की 199 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चुनाव आयोग के मुताबिक 74 फीसदी मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर सुबह-सुबह लंबी कतारें लगी नजर आईं। हर उम्र के लोग वोट डालने पहुंचे। झालावाड़ में 86 साल की एक महिला ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे तो झालवाड़ में वसुंधरा राजे ने अपने बेटे के साथ वोट डाला।
राजस्थान में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की 509 कंपनियां तैनात की गई। चुनाव के दौरान। छिटपुट हिंसा की ख़बरें भी आईं। कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मॉर्डन स्कूल मतदान केंद्र पर हंगामा हुआ। बीजेपी औऱ कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू किए। वहीं सवाई माधोपुर के बंधो मतदान केंद्र पर भी पर्चियां फाड़े जाने और महिला मतदाताओं को धमकाकर भगाने की खबरें भी आईं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस बात का पूरा भरोसा है कि एक बार फिर राज्य की जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी और उन्हें दोबारा मौका देगी। गहलोत को अपने विकास पर भरोसा है। जबकि वसुंधरा राजे को उम्मीद है कि जनता गहलोत सरकार की नाकामियों को याद रखेगी और बीजेपी के पक्ष में वोट देगी। कांग्रेस और बीजेपी ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं





















