गोवा .अदालत ने रविवार को तहलका के प्रधान संपादक तरुण तेजपाल को छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. न्यायिक मजिस्ट्रेट शमा जोशी की अदालत ने तरुण तेजपाल को छह दिन की पुलिस रिमांड दे दिया है, जबकि गोवा पुलिस तरुण तेजपाल की 14 दिन की रिमांड की मांग कर रही थी। तरुण तेजपाल को शनिवार की देर शाम गोवा पुलिस के क्राइम ब्रांच के दफ्तर में ही गिरफ्तार किया गया था जहां अग्रिम जमानत याचिका के खारिज हो जाने के पहले ही वे पहुंच गये थे.
अपराध शाखा के अधिकारियों ने न्यायालय को बताया कि तेजपाल का बयान हासिल करने के लिए उनसे हिरासत में पूछताछ करना आवश्यक है. उम्मीद है कि मामले की जांच अधिकारी सुनीता सावंत तेजपाल से पूछताछ करेंगी. संभावना है कि तेजपाल को उस वीडियो फुटेज को दिखाया जाएगा जिसमें महिला पत्रकार को हड़बड़ी की हालत में लिफ्ट से बाहर निकलते देखा गया है.
उधर तरुण तेजपाल की वकील गीता लूथरा ने अदालत के फैसले से संतोष जताया है. हालांकि तेजपाल के वकीलों ने पुलिस रिमांड का विरोध किया था लेकिन अदालत ने उनके विरोध को खारिज कर दिया.
हत्या के आरोपियों संग तेजपाल ने हवालात में बिताई रात
अपराध शाखा द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद तहलका पत्रिका के संपादक तरुण तेजपाल ने पणजी की हवालात में हत्या के दो आरोपियों और एक असामाजिक तत्व के साथ रात बिताई. यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार किए गए तेजपाल को आधी रात 12 बज कर करीब 30 मिनट पर आवश्यक चिकित्सकीय जांच के लिए यहां स्थित गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. चिकित्सकीय जांच के बाद देर रात करीब दो बजे तेजपाल को पणजी पुलिस हवालात ले जाया गया.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हवालात में तेजपाल को तीन अन्य लोगों के साथ रहना होगा जिनमें से दो व्यक्ति हत्या के आरोपी हैं और एक व्यक्ति वह है जिसे ऐहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया गया है. तेजपाल की निगरानी के लिए हवालात के बाहर अपराध शाखा ने अपने गार्ड्स तैनात किए हैं. जिस हवालात में तेजपाल को रखा गया है वह पणजी में पुलिस मुख्यालय के अंदर है और वहां सफाई की अच्छी व्यवस्था नहीं है. इसकी चौकसी पुलिस महानिदेशक कार्यालय के जिम्मे है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद तेजपाल शांत रहे. उन्होंने चिकित्सकीय जांच के दौरान और हवालात में भी कुछ नहीं कहा. चिकित्सकीय जांच के बाद 50 वर्षीय तेजपाल जब गोवा मेडिकल कॉलेज से बाहर निकले तो उन्होंने पत्रकारों से बात करने से मना कर दिया. उनके साथ उनके वकील थे. पुलिस मुख्यालय के बाहर तेजपाल के परिजन खड़े थे.
बाद में तहलका के संपादक को हवालात ले जाया गया. उनके परिवार वालों ने उनके लिए एक जोड़ी कपड़े भिजवाए जिसकी अदालत ने अनुमति दी थी. तहलका पत्रिका के संस्थापक तरुण तेजपाल पर इस माह के शुरू में गोवा के एक पांच सितारा होटल में अपनी पत्रिका द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी एक महिला सहकर्मी का 7 और 8 नवंबर को दो बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप है.






















