नईदिल्ली. खाद्य मंत्री के वी थॉमस ने आज कहा कि चीनी उत्पादन में कमी के बावजूद यह घरेलू मांग को पूरा करने के लिए काफी होगा। हालांकि, सरकार का चीनी उत्पादन अनुमान मौजूदा 2013-14 के विपणन वर्ष के लिए उद्योग द्वारा लगाए गए 2.5 करोड़ टन के अनुमान से कम है। थॉमस ने कहा, ‘अभी की स्थिति के अनुसार इस साल चीनी का उत्पादन 2.44 करोड़ टन रहेगा, जो 2012-13 में 2.51 करोड़ टन रहा था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यह 2.35 करोड़ टन की घरेलू मांग से अधिक रहेगा, पिछला बचा स्टॉक 89 लाख टन का है। आंतरिक तौर पर हमारी स्थिति संतोषजनक है। यह लगातार चौथा विपणन वर्ष होगा जबकि देश में चीनी उत्पादन मांग से अधिक होगा। । चीनी खपत के मामले में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि उत्पादन के मामले में वह ब्राजील के बाद दूसरे नंबर पर आता है।



















