नईदिल्ली.केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने मोदी के विकास के दावे की यह कहते हुए हवा निकाली का कि उनका गुजरात मॉडल तथ्यों पर खरा नहीं उतरता और वह न तो जीरो हैं न हीरो,सिब्बल ने 32 पेज का एक दस्तावेज जारी किया जिसमें विभिन्न प्रतिमानों पर गुजरात के प्रदर्शन के बारे में आकड़े दिये गये हैं जिसमे कहा कि मोदी का राज्य भारत का सर्वाधिक ऋणग्रस्त राज्य है।
कपिल सिब्बल ने कहा कि जासूसी मुद्दे को दबने नहीं दिया जाएगा और भाजपा को नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार से हटा देना चाहिए। इस मुद्दे पर गुजरात के मुख्यमंत्री पर हमला तेज करते हुए सिब्बल ने कहा कि जासूसी का मामला राष्ट्रीय मुद्दा है और इसलिए सरकार इसे गंभीरता से लेगी।
सिब्बल ने कहा कि (मोदी) न तो जीरो हैं न ही हीरो कहीं बीच में है। वह अपने अलावा हर किसी को नीचे रखने का प्रयास कर रहे हैं और हर चीज के लिए सिर्फ स्वयं को श्रेय दे रहे हैं,जैसे कि वह मसीहा हैं। उन्होंने कहा कि सचाई यह है कि दिल्ली सहित अनेक राज्य हैं जो कई मापदंडों में गुजरात से कहीं आगे हैं। वह इतिहास बदलते हैं वह आंकड़े बदलते हैं। गुजरात के बारे में सचाई यह है कि वहां कुछ अच्छा है तो कुछ बुरा,कुछ में चूक हुई है, कुछ में पीछे रहे हैं,जैसा कि हरेक राज्य के बारे में है।
सिब्बल ने शीला दीक्षित शासित राज्य को मोदी शासित गुजरात से आगे बताया कहा कि दिल्ली की औसत विकास दर 11 दशमलव 39 प्रतिशत है जबकि गुजरात की 10 दशमलव 13 प्रतिशत है। विदेशी प्रत्यक्ष निवेश के मामले में दिल्ली का आंकड़ा 30 अरब डालर का है जबकि गुजरात में यह आंकड़ा एक करोड़ डालर से कम का है,रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक 12-13 में दिल्ली में राजकोषीय घाटा 26 अरब रुपये था जबकि गुजरात में यह 178. 3 अरब था।
सिब्बल ने कहा कि मोदी लगातार कहते रहते हैं मानो उन्होंने गुजरात को स्वर्ग बना दिया। किसी को भी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखने का अधिकार है लेकिन वह गलत आंकड़ों के आधार पर इस तरह का दावा नहीं कर सकता। सचाई कुछ और ही है,मोदी के तस्वीर में आने के बहुत पहले गुजरात विकसित हो चुका था। गुजरात में अनेक बड़ी परियोजनायें मोदी के आगमन के काफी पहले तैयार की जा चुकी थी और लगाई जा चुकी थीं। सिब्बल ने कहा कि उन्होंने विकास के मुद्दे पर मोदी को बहस की चुनौती थी लेकिन मोदी ने उनके इस आमंत्रण को अभी तक स्वीकार नहीं किया है। यह पूछे जाने पर कि अगर वहां स्थिति इतनी ही निराशजनक है तो मोदी तीन बार चुनाव कैसे जीत गये,सिब्बल ने कहा कि विभिन्न तरीकों से डरा धमका कर भी चुनाव जीत सकते हैं।





















