न्यूयार्क। अमेरिका की अदालत ने अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन के दामाद सुलेमान अबु गेथ के खिलाफ मुकदमा वापस लेने से इनकार कर दिया है। कभी अलकायदा के प्रवक्ता के रूप में काम करने वाले सुलेमान पर अमेरिकियों की हत्या का षडयंत्र रचने का आरोप है। मैनहेटन के अमेरिकी डिस्ट्रिक जज लुइस काप्लान ने मामले की सुनवाई के दौरान सुलेमान की इस दलील को खारिज कर दिया कि संघीय अभियोजक ने उसके मामले को बेवजह लटकाया जिसके कारण उसके अधिकारों का हनन हुआ।
अदालत में सुलेमान यह भी साबित करने मे नाकाम रहा कि जब नौ महीने पहले उसे जार्डन से विमान द्वारा अमेरिका लाया जा रहा था तब एफबीआई एजेंटों को उसने जो बयान दिए थे वह दबाव में दिए थे। जज काप्लान ने अपने आदेश के दौरान उसके खिलाफ आरोप वापस लिए जाने से इनकार करते हुए कहा कि विमान से लाए जाने के दौरान सुलेमान के साथ मानवीय तरीके से व्यवहार किया गया।
सुलेमान अलकायदा के प्रमुख सदस्यों में से एक है जिसके खिलाफ अमेरिका में 11 सितम्बर 2001 में हुए भीषण आतंकवादी हमले में शामिल होने के आरोप में अमेरिका में मुकदमा चलाया जा रहा है।






















