जबलपुर. बीजेपी और कांग्रेस में सीधा मुकाबला दोनों ही भीतरघात से ग्रसित
जबलपुर सभी सीटों पर सीधा मुकाबला
पश्चिम : कांग्रेस प्रत्याशी तरुण भनोट समर्थकों और उनकी पत्नी महिलाओं की टोली है। भाजपा के हरेंद्रजीत बब्बू अपने बेटे और समर्थकों के साथ मैदान में हैं, लेकिन उन्हें भितरघात का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर-मध्य : इस सीट पर जिले में सबसे ज्यादा 16 उम्मीदवार है, लेकिन मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है।
पूर्व : कांग्रेस भाजपा दोनों को भितरघात का ज्यादा खतरा नहीं है, लेकिन मुस्लिम और सिंधी वोट हार-जीत तय करेंगे।
कैंट : भाजपा प्रत्याशी अशोक रोहाणी के सामने पिता स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी की विरासत को बरकरार रखने की चुनौती है। वहीं भाजपा के इस अभेद्य गढ़ में सेंध लगाने के लिए कांग्रेस ने नए चेहरे चमन श्रीवास्तव को मैदान में उतारा है। अशोक को पिता द्वारा तैयार की गई जमीन का फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पाटन : मंत्री अजय विश्नोई के सामने कांग्रेस ने नया चेहरा नीलेश अवस्थी को उतारा है।
बरगी : इस सीट पर भाजपा की प्रतिभा सिंह और कांग्रेस के ठा. सोबरन सिंह के बीच सीधा मुकाबला है, लेकिन कांग्रेस से बागी होकर जेडी यू की टिकट पर चुनाव लड़ रहे सूरज जायसवाल ने दोनों प्रत्याशियों का समीकरण बिगाड़ दिया है।
पनागर : भाजपा के इंदु तिवारी और कांग्रेस के रूपेंद्र पटेल मैदान में हैं। इस क्षेत्र में सत्येंद्र यादव के कांग्रेस छोड़ने का पटेल को नुकसान हो सकता है। वहीं तिवारी को भितरघात का समाना करना पड़ सकता है।
सिहोरा : यहां मुकाबला कांग्रेस की जमुना मरावी और भाजपा की नंदनी मरावी के बीच है। नंदनी के साथ पार्टी के नेता दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसकी वजह यह है कि कार्यकर्ता स्थानीय प्रत्याशी की मांग कर रहे थे।
नरसिंहपुर भाजपा के बागी ने बनाया त्रिकोणीय मुकाबला
नरसिंहपुर : जिले की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।
गाडरवारा : कांग्रेस-भाजपा को निर्दलीय सुनीता पटेल से चुनौती मिल रही है।
गोटेगांव : कांग्रेस-भाजपा में मुकाबला आमने-सामने का है।
तेंदूखेड़ा: कांग्रेस सांसद राव उदय प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने से भाजपा को फायदा मिलेगा।
बालाघाट सपा ने बिगाड़े समीकरण
बालाघाट : भाजपा-कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे लोधी जाति के उम्मीदवारों के सारे समीकरण सपा की अनुभा मुंजारे ने बिगाड़ दिए हैं।
बैहर : भाजपा- कांग्रेस में आमने-सामने की टक्कर है।
लांजी : सपा की मौजूदगी के बीच मुकाबला कांग्रेस-भाजपा में है।
परसवाड़ा : सपा ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।
कटंगी : यहां बसपा के आने से संघर्ष त्रिकोणीय है।
वारासिवनी : भाजपा प्रत्याशी डॉ. योगेंद्र निर्मल को टिकट के दावेदार बोधसिंह भगत की नाराजगी का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
छिंदवाड़ा कमलनाथ की प्रतिष्ठा दांव पर
छिंदवाड़ा : कमलनाथ की वजह से यहां कांग्रेस एकजुट दिखाई दे रही है। वहीं चौधरी चंद्रभान को भितरघात का नुकसान हो सकता है।
जुन्नारदेव : भाजपा के बागी पार्टी को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अमरवाड़ा : यहां अभा गोंडवाना पार्टी ने समीकरण बिगाड़ रखे हैं। चौरई में कांग्रेस को सपा नुकसान पहुंचा सकती हैं। वहींसौंसर में कांग्रेस प्रत्याशी भागवत महाजन को भितरघात का सामना करना पड़ सकता है। परासिया और पांढुर्ना में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।
मंडला बगावत के तेवर ठंडे पड़े तब दिखा प्रचार
मंडला : भाजपा प्रत्याशी संपतिया उइके को अब थोड़ी राहत मिली है। क्योंकि बगावत करने वालों के तेवर ठंडे पड़ गए है।
निवास : इस सीट पर सबसे अधिक 9 निर्दलीय मैदान में है। इसका कांग्रेस के पतिराम पंद्रे को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बिछिया : यहां विकास बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है। जीत के लिए भाजपा- कांग्रेस के अपने-अपने दावे हैं।
डिंडोरी नया चेहरा और बाहरी प्रत्याशी मुद्दा
डिंडोरी : कांग्रेस- भाजपा में सीधा मुकाबला है।
शहपुरा : भाजपा से बागी होकर अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी से मैदान में उतरे सीएस भवेदी ने दोनों मुख्य दलों का समीकरण बिगाड़ दिया है।
कटनी भितरघात करने वालों पर निगाहें
मुड़वारा : कांग्रेस-भाजपा दोनों को भितरघात का खतरा है।
बहोरीबंद : जेडीयू के शंकर मेहतो ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। विजयराघवगढ़ कांग्रेस के संजय पाठक और भाजपा की पदमा शुक्ला में सीधा मुकाबला है। वहीं बड़वारा में भाजपा के मोती कश्यप के सामने कांग्रेस ने नया चेहरा बसंत सिंह है।
सिवनी गोंगपा-राकांपा दिखा रहे दम
सिवनी : इस सीट से भाजपा के नरेश दिवाकर और कांग्रेस के राजकुमार खुराना का मुकाबला निर्दलीय दिनेश राय मुनमुन से है।
बरघाट : कांग्रेस-भाजपा के बीच एनसीपी ने मुकाबला त्रिकोणीय कर दिया है।
केवलारी : कांग्रेस -भाजपा प्रत्याशियों को गोंगपा के रामकुमार उइके और कांग्रेस के बागी शक्ति सिंह दोनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
लखनादौन : जनपद अध्यक्ष राजेश्वरी उइके के एनसीपी की टिकट पर मैदान में होने से यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।






















