मध्यप्रदेश में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार का काम कल शाम पांच बजे थम जाएगा और चुनावी शोर-शराबे से मुक्ति पाकर मतदाता अपने वोट के बारे में सोच सकेगा। प्रदेश में चौदहवीं विधानसभा के गठन के लिए चुनावी प्रक्रिया गत एक नवंबर को नामांकन दाखिल करने के साथ शुरू हुई थी।
प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा जहां इस चुनाव में सभी 230 सीटों पर मैदान में है, वहीं कांग्रेस के 229 उम्मीदवार ही हैं, क्योंकि सिंगरौली जिले की देवसर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डा. एच एल प्रजापति का नामांकन रद्द हो चुका है। देवसर सीट पर कांग्रेस एक निर्दलीय प्रत्याशी वंशमणि प्रसाद वर्मा का समर्थन कर रही है, जो पहले कांग्रेस की पूर्व सरकार में मंत्री रह चुके हैं।






















