पणजी. गोवा में भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (आईएफएफआई) का 20 नवंबर का उद्घाटन समारोह हुआ। इस मौके पर सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी , गोवा के सीएम मनोहर पर्रीकर , बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां नजर आईं।वहीदा रहमान,कमल हासन,रानी मुखर्जी,रेखा,हुमा कुरैशी,राणा डग्गुबती जैसे सितारों ने उद्घाटन समारोह की शान बढ़ाई।
बीते ज़माने की मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान को यहां ‘साल के भारतीय फिल्म शख्सियत’ के पहले शताब्दी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान दिए जाते समय दर्शक दीर्घा में मौजूद लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।
रानी मुखर्जी ने वहीदाजी को भारतीय सिनेमा को दिए गए उनके अद्वितीय योगदान के लिए मंच पर सम्मानित किया। गौरतलब है कि भारत सरकार ने भारतीय सिनेमा के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस पुरस्कार का गठन किया है।























