प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को देश के प्रथम महिला बैंक ‘भारतीय महिला बैंक’ का उद्घाटन किया। बैंक का उद्घाटन मुंबई के नरीमन पॉइंट पर एयर इंडिया के भवन में हुआ। पूरे देश में इसकी सात शाखाएं काम करेंगी। अन्य छह शाखाओं का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थीं।
केंद्रीय वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि मार्च 2014 तक बैंक की 25 शाखाएं काम करने लगेंगी। यह बैंक प्राथमिक तौर पर महिलाओं के लिए काम करेगा, लेकिन पुरुषों से भी धन जमा कराएगा।समाज के कमज़ोर वर्ग की महिलाओं को बेहद कम ब्याज दर पर क़र्ज़ देकर उन्हें आर्थिक तौर पर स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार ने ‘महिला’ बैंक शुरू करने की पहल की है.
उषा अनंतसुब्रमण्यन को भारतीय महिला बैंक का चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. मंगलवार से शुरु इस बैंक का मक़सद काम और सेवा में महिलाओं को प्राथमिकता देना होगा.
उषा अनंतसुब्रमण्यन ने बताया, “यह सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक होगा और पूरे देश में इसकी शाखाएं खुलेंगी. पहले दिन गुवाहाटी, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई, अहमदाबाद, बैंगलोर और लखनऊ में इसकी शाखाएं खोली जा रही हैं.”
“महिला बैंक की पश्चिम भारत, उत्तर भारत और दक्षिण भारत सहित सभी जगह शाखाएं शुरु की जाएंगी. पूर्वोत्तर भारत में विशेषकर पहली बार महिला बैंक शुरू होने जा रहा है. आगे भी धीरे-धीरे काम बढ़ेगा.”





















