गृहमंत्री सुशील शिंदे का कहना है कि मोदी कांग्रेस के लिए कोई चुनौती नहीं है. सोमवार को शिंदे ने कहा कि यह मेरी राय है और यही पार्टी की राय है। उन्होंने कहा कांग्रेस बहुत पुरानी पार्टी है। उसने अपने सवा सौ साल के इतिहास में कई चुनौतियों का सामना किया है। जनता ने हमेशा उसका साथ दिया है। शिंदे ने कटाक्ष करते हुए कहा- मोदी तो अभी सामने आए है। 2004 में वाजपयी और आडवानी का ‘इंडिया शाइनिंग’ भी आया था कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
सुरक्षा से जुड़े सवाल पर गृहमंत्री ने साफ कहा कि नरेंद्र मोदी को एसपीजी की सुरक्षा नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा एसपीजी की सुरक्षा के लिए कानून का एक दायरा है के तहत ही सुरक्षा दी जाती हैं।
मोदी द्वारा सीबीआई और इंडियन मुजाहिदीन को अपने पीछे लगाए जाने के बयान को गृहमंत्री ने पूर्णत अनुचित और हलके दर्जे का बताया .
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सलाहकार द्वारा कश्मीर के अलगाववादी नेताओं से मुलाकात के मुद्दे पर शिंदे ने पुराने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। एनडीए सरकार के दौरान भी इस तरह की मुलाकातें हुई थीं।
तेलंगाना राज्य के गठन से जुड़े सवाल पर गृहमंत्री ने कोई समय सीमा बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि इस सरकार का कार्यकाल पूरा हाने से पहले तेलंगाना से संबंधित विधेयक संसद में पेश कर दिया जाएगा। यह विधेयक पारित होगा या नहीं, इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता।
भारत-तिब्बत सीमा से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने साफ किया कि आईटीबीपी को सीमा से नहीं हटाया जाएगा।





















