उज्जैन 21 मई।उज्जैन 21 मई। वैशाख पूर्णिमा के अवसर उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ में मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के पवित्र जल में 13 अखाड़ों का शाही स्नान प्रारंभ हो गया है। सदी के दूसरे सिंहस्थ के तीसरे व अंतिम शाही स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
इस अंतिम शाही स्नान में सर्व प्रथम श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के हजारों नागा साधुओं ने शिप्रा में आस्था और विश्वास की डुबकियां लगाई।
जैसे ही सुबह 3 बजे का समय हुआ नागा साधुओं का दल तेजी से शिप्रा घाट पर आया और हर-हर महादेव, जय महाकाल, शिप्रा मैया की जय हो आदि उद्घोष के साथ पावन सलिला के जल में कूद पड़े। अमृत स्नान में साधु सन्यासियों के हर-हर महादेव, जय शिप्रा मैया के नारों से शिप्रा तट गुंजायमान हो उठा। नागा साधु सन्यासियों, महंतों को उत्साहपूर्वक शिप्रा में डुबकी लगाकर अमृतपान करते हुए अलौकिक नजारा देखते ही बन रहा था।
सम्पूर्ण शिप्रा तट पर शाही स्नान के दौरान लोगों को अलौकिक, अदभुत आनंद की अनुभूति हो रही थी। एक और जहां दत्त अखाड़ा पर नागा सन्यासी स्नान कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर उसी समय रामघाट पर जय श्रीराम, जय-जय सियाराम के उद्घोष के साथ वैष्णव अखाड़ों के साधु संत भी पुण्य पावन सलिला शिप्रा में डुबकियां लगा रहे थे। एक साथ दोनों घाटों पर शिप्रा में डुबकियां लगाते देख ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे धरती पर स्वर्ग उतर आया हो और साधु संतों के रूप में स्वयं भगवान व देवगण अमृतपान कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने धर्म, आध्यात्म, आस्था और विश्वास का ऐसा नजारा पहली बार देखा। धर्म, आध्यात्म, आस्था और विश्वास का ऐसा अदभुत नजारा जीवन में बहुत कम देखने को मिलता है। यही कारण है कि लाखों श्रद्धालु इस क्षण का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और जैसे ही उन्होंने यह नजारा देखा उसे अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने लग गए।

वैशाख पूर्णिमा के अवसर उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ में मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के पवित्र जल में शाही स्नान की पूर्व रात्रि में लाखों श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी शिप्रा में आस्था और विश्वास के साथ डुबकियां लगाई। शाही स्नान की पूर्व संध्या 20 मई की शाम से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब शिप्रा तट पर स्नान के लिए उमड़ पड़ा। रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट, नृसिंह घाट, सुनहरी घाट, वाल्मीकि घाट, भूखी माता घाट और लालपुल, गऊघाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने 20 मई की मध्य रात्रि 12 बजे तक स्नान किया।
सिंहस्थ के अंतिम शाही स्नान के एक दिन पूर्व श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं एवं पुरुषों ने उज्जैन पहुंचकर शिप्रा के जल में डुबकी लगाने के अवसर का लाभ उठाया। लाखों श्रद्धालुओं के साथ शिप्रा तट पर डुबकी लगाकर अमृतपान करते हुए अलौकिक नजारा देखते ही बन रहा था। धर्म, आध्यात्म, आस्था व विश्वास का ऐसा नजारा पहले कभी देखने को नहीं मिला।
शाही स्नान की पूर्व तैयारियों में प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ था। होमगार्ड के जवान व तैराक दल नावों में सवार होकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए थे।
सिंहस्थ सेवा दल के स्वयं सेवक भी घाट पर तैनात होकर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे थे। पुलिस बल भी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटा था।























